सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में हंगामा, मरीजों व गर्भवती महिलाओं ने खोली पोल, भाजपा नेताओं ने जताई नाराज़गी

सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में हंगामा, मरीजों व गर्भवती महिलाओं ने खोली पोल, भाजपा नेताओं ने जताई नाराज़गी

■सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में हंगामा, मरीजों व गर्भवती महिलाओं ने खोली पोल, भाजपा नेताओं ने जताई नाराज़गी

■सितारगंज। उपजिला चिकित्सालय सितारगंज की लापरवाही एक बार फिर खुलकर सामने आ गईं। वार्ड नंबर 12 के टीबी मरीज आरिफ़ अंसारी की शिकायत पर गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और सभासद रवि रस्तोगी मौके पर पहुंचे। सीएमएस कुलदीप यादव से हुई बातचीत में भी अनियमितताओं की पुष्टि हुई।
अस्पताल में अन्य मरीजों ने भी खुलकर अपनी पीड़ा बयां की। मरीजों का आरोप था कि अस्पताल से मुफ्त दवा उपलब्ध न करवा कर बाहर की महंगी दवाइयाँ लिखी जाती हैं। लैब कर्मचारी समय पर रिपोर्ट नहीं देते और पैसों की मांग करते हैं। डॉक्टर अक्सर बाहरी जांच कराने के लिए दबाव डालते हैं।


इसी दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने अस्पताल प्रशासन को घेर लिया। महिलाओं ने कहा कि पिछले एक माह से अस्पताल में कोई भी गायनी डॉक्टर तैनात नहीं है। पहले से तैनात दोनों महिला चिकित्सक मेडिकल अवकाश पर हैं, जिससे प्रसव पूर्व देखभाल व इलाज के लिए उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने तत्काल क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को फोन पर स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद सीएमओ ने आश्वासन दिया कि अब से अस्पताल में डॉक्टर द्वारा लिखे गए हर पर्चे की स्कैनिंग होगी और यदि किसी पर्चे में बाहर की दवा या जांच लिखी पाई गई तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही कल से महिला चिकित्सक की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा अस्पताल में जो स्थितियां देखी गईं, वे बेहद चिंताजनक हैं। जनता को मुफ्त दवा और इलाज मिलना चाहिए, लेकिन यहां मरीजों को बाहर भेजा जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की परेशानी असहनीय है। मैंने मंत्री जी से बात कर कार्रवाई की मांग की है। यदि व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो संगठन स्तर पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।”सभासद रवि रस्तोगी ने कहा लगातार अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आ रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि अस्पताल प्रशासन हमारी सरकार को बदनाम करने में लगा है। यदि तुरंत सुधार नहीं किए गए तो हम जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। सरकार की मंशा जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की है, लेकिन कुछ जिम्मेदार लोग मरीजों को परेशान कर सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”इस मौके पर सभासद प्रतिनिधि साने आलम, सभासद पति अविनाश बाल्मीकि सहित वार्डवासी और नगर के अनेक लोग मौजूद रहे।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page