सिंदूर की होली खेल मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई

सिंदूर की होली खेल मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई

■सिंदूर की होली खेल मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई

■शक्तिफार्म के टैगोर नगर और निर्मल नगर में धूमधाम से मनी विजयदशमी, बंगाली संस्कृति के रंग में रंगे श्रद्धालु

【नारायण सिंह रावत】

■शक्तिफार्म।मां दुर्गा की आराधना, हवन-पूजन और पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म के साथ बुधवार को शक्तिफार्म के टैगोर नगर और निर्मल नगर स्थित दुर्गा मंदिरों में विजयदशमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की। इस दौरान बंगाली संस्कृति की अनूठी परंपरा सिंदूर खेला आकर्षण का केंद्र रही। सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

बुधवार सुबह से ही दोनों मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। भक्तों ने विधि-विधान से हवन-पूजन कर मां दुर्गा की आराधना की। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का सांकेतिक दर्पण विसर्जन किया गया। इस परंपरा के साथ मां को भावभीनी विदाई दी गई। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।

●सिंदूर खेला में दिखी बंगाली संस्कृति की झलक

विजयदशमी पर सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सिंदूर खेला की रस्म निभाई। सबसे पहले मां दुर्गा के चरणों में सिंदूर अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे के चेहरे पर सिंदूर लगाकर सुहाग की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। लाल सिंदूर से रंगे चेहरे और महिलाओं का उत्साह उत्सव की रौनक बढ़ाते रहे। मां दुर्गा के भजनों की गूंज के बीच महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

●विदाई के साथ अगले वर्ष फिर आने की कामना

मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति और भावुकता का संगम देखने को मिला। भक्तों ने मां से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। दुर्गा पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर मां के आगमन की कामना की। पूजा संपन्न होने के बाद भी क्षेत्र में उत्सव की रौनक बनी रहेगी। मंदिर परिसर में अगले दो दिनों तक मेला जारी रहेगा, जहां स्थानीय लोग और श्रद्धालु उत्सव का आनंद ले सकेंगे।

इस दौरान दीक्षा मंडल, सुप्रिया राय, उर्मिला, शेफाली मंडल, शांति लता विश्वास, भावना, सुशीला सरकार, नीलिमा मजूमदार, सरस्वती विश्वास, शिखा विश्वास, गोरी हीरा, सविता मिस्त्री, जयंती हालदार, माया हालदार, अशोक मंडल, नारायण विश्वास, किशोर राय, चंद्रकांत दास और विजन मंडल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page