आवारा कुत्तों ने हिरण को दौड़ा-दौड़ाकर किया घायल, तड़पकर मौत

आवारा कुत्तों ने हिरण को दौड़ा-दौड़ाकर किया घायल, तड़पकर मौत

■ आवारा कुत्तों ने हिरण को दौड़ा-दौड़ाकर किया घायल, तड़पकर मौत

■ यूपी सीमा से भटककर अजीतपुर पहुंचा था हिरण, ग्रामीणों और वनकर्मियों ने बचाने का किया प्रयास; पोस्टमार्टम के बाद शव कब्जे में

■सितारगंज। उत्तर प्रदेश की सीमा से भटककर गांव में पहुंचे एक हिरण को आवारा कुत्तों ने दौड़ा-दौड़ाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्तों के हमले से बुरी तरह जख्मी हिरण को बचाने के लिए ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने काफी प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। गंभीर चोटों के कारण हिरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले में वन्यजीव अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 29 सितंबर को बराकोली वन क्षेत्र के ढोलावन प्रथम अनुभाग की बैगुल डैम बीट के ग्राम अजीतपुर की है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वन विभाग को सूचना मिली कि गांव में एक हिरण गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। जानकारी के अनुसार हिरण यूपी सीमा से भटककर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने उसे दौड़ा लिया और हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल ने तत्काल वनकर्मियों की टीम को मौके पर रवाना किया। वन दरोगा बृजेश कुमार शर्मा, रामचंद्र निषाद, सतनाम सिंह तथा वन आरक्षी राहुल कुमार, अरुण कुमार, हेमंत कुमार और चंदन सिंह राणा सहित टीम घटनास्थल पर पहुंची। वनकर्मियों और ग्रामीणों ने हिरण को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते उसकी हालत बिगड़ती चली गई। कुछ देर बाद हिरण ने दम तोड़ दिया।

●वन परिसर में कराया गया पोस्टमार्टम

हिरण की मौत के बाद वन विभाग ने शव को नियमानुसार अपनी अभिरक्षा में लेकर ढोलावन वन परिसर पहुंचाया। यहां वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल की मौजूदगी में पशु चिकित्साधिकारी बरा डॉ. मृगदाक्षी यादव और पशु चिकित्साधिकारी शक्तिफार्म डॉ. विजय कुमार ने पोस्टमार्टम किया।

●वन्यजीव अपराध दर्ज, जांच में जुटा विभाग

वन विभाग ने मामले में वन्यजीव अपराध पंजीकृत कर लिया है। वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल के नेतृत्व में घटना की जांच के साथ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।

●वन्यजीव दिखे तो तुरंत दें सूचना

वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि क्षेत्र में कोई वन्यजीव भटकता, घायल अथवा संकट में दिखाई दे तो उसके पीछे न भागें और न ही उसे पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल बराकोली वन क्षेत्र, सितारगंज के वनकर्मियों को सूचना दें, ताकि समय रहते वन्यजीव को सुरक्षित किया जा सके।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page