एसएसबी में धूमधाम से मनाई भगवान विश्वकर्मा की जयंती

एसएसबी  में धूमधाम से मनाई भगवान विश्वकर्मा की जयंती

■एसएसबी सितारगंज में धूमधाम से मनाई भगवान विश्वकर्मा की जयंती

■सितारगंज। कमांडेंट मनोहर लाल की उपस्थिति में 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सितारगंज के मुख्यालय एवं सीमा चौकियों पर आज बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। पूजा के दौरान बल द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले हथियारों, वाहनों एवं विभिन्न उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। भगवान विश्वकर्मा, जिन्हें शिल्प और वास्तुकला का देवता माना जाता है, की आराधना कर जवानों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सफलता, सुरक्षा एवं शक्ति की कामना की। इस अवसर पर हवन, मंत्रोच्चारण एवं भजन-कीर्तन के मधुर वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। पूजा उपरांत सभी अधिकारियों एवं जवानों को प्रसाद वितरण किया गया।

कमांडेंट मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि “विश्वकर्मा पूजा हमें श्रम, कौशल और निष्ठा का संदेश देती है। यह अवसर हमें याद दिलाता है कि अपने उपकरणों और साधनों का सम्मान करते हुए हमें राष्ट्रसेवा में सदैव तत्पर रहना चाहिए।” पूरे दिन का आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व लिए हुए था, बल्कि इसने बल के अधिकारियों और जवानों के बीच एकता, श्रद्धा और समर्पण की भावना को भी और प्रगाढ़ किया। कार्यक्रम में उप-कमांडेंट दीपक सिंह जायड़ा, उप-कमांडेंट दीपक सिंह तोमर, सहायक कमांडेंट अरविन्द, निरीक्षक मुन्नी बाई, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पूजा में भाग लिया और आपसी सौहार्द, अनुशासन तथा भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page