जल संकट-मई माह में ही लगा हैंडपंप का पानी सूखने

●वाटर लेवल घटने से बढ़े जल संस्थान के कनेक्शन
●मई माह में हैंडपंप का पानी सूखा

■नारायण सिंह रावत
■सितारगंज । क्षेत्र में सूरज की तपिश के कारण वाटर लेवल घट गया है। जिससे हैंडपंप सूख गए हैं। पानी की किल्लत से बचने के लिए लोगों ने जल संस्थान में पेयजल के कनेक्शन कराए हैं। माना जा रहा है कि सर्दियों के मौसम में कम बारिश होने से भूजल रिचार्ज नहीं हो पाया है। क्षेत्र में मई माह की शुरुआत होते ही विभिन्न स्थानों पर वाटर लेवल डाउन हो गया है। जिसका नतीजा यह है कि घरेलू हैंडपंप अभी से सूख गए हैं। उनमें पानी नहीं आ रहा है। नलों में पानी नहीं आने से लोगों के आगे जल संकट बन

सकता है। पानी की किल्लत से बचने के लिए लोगों ने जल संस्थान में आवेदन कर जल कनेक्शन की मांग की है। गर्मी के मौसम में जल संस्थान के कनेक्शन बढ़ने को भूजल संकट माना जाता है। इसके अलावा क्षेत्र में बेमौसमी धान की सिंचाई को भी जल संकट के लिए जिम्मेदार माना गया है। जल संस्थान के जेई उज्जवल चौधरी ने बताया कि नगर क्षेत्र में वाटर लेवल घटा है। जिस कारण कई स्थानों पर हैडपंप सूखने की समस्या भी सामने आई है। पानी की किल्लत से बचने लोग घरों में पेयजल के कनेक्शन ले रहे है।








