■गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचे

■गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचे
■पुलिस पर फायरिंग कर भागने का किया प्रयास, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली; अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

■रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में चर्चित गैंगरेप प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमें गैंगरेप प्रकरण के आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान चला रही थीं। सोमवार देर रात चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी होते ही आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। अन्य दोनों आरोपी जोगा सिंह पुत्र रंजीत सिंह और रविंदर पुत्र फुम्मन सिंह, निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति स्वयं देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि गैंगरेप प्रकरण की विवेचना तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।



