बीएड कॉलेज के पास स्मैक के अड्डे पर पुलिस का शिकंजा

■बीएड कॉलेज के पास स्मैक के अड्डे पर पुलिस का शिकंजा
■ऑपरेशन प्रहार के तहत पांच तस्कर गिरफ्तार, 51.97 ग्राम स्मैक, नकदी, जेवर और दो वाहन बरामद

■सितारगंज। शहर में युवाओं को नशे की लत लगाने वाले नेटवर्क पर सितारगंज पुलिस ने मंगलवार को बड़ी चोट की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत बीएड कॉलेज के पास संचालित कथित स्मैक के अड्डे पर छापा मारकर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 51.97 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से प्राप्त ₹8,310 नकद, सात मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नशे की कमाई से खरीदे गए बताए जा रहे जेवर बरामद किए हैं। हालांकि, गिरोह का मुख्य सप्लायर तहसीन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
बीएड कॉलेज क्षेत्र में लंबे समय से स्मैक की बिक्री की शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थीं। स्थानीय लोग भी नशे के कारोबार को लेकर लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने जाल बिछाया।
मंगलवार को महिला उपनिरीक्षक बबीता टम्टा पुलिस टीम के साथ गश्त और गैर जमानती वारंट की तामील कर रही थीं। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल और स्कूटी सवारों का पीछा करते हुए टीम वलीनगर स्थित बीएड कॉलेज के पास पहुंची। यहां एक मकान के चबूतरे पर कुछ लोग कथित रूप से स्मैक की पुड़ियां तैयार कर उनकी बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर पांच आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि फरार आरोपी तहसीन ही पूरे नेटवर्क को स्मैक की आपूर्ति करता था। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस अधिनियम के तीन मुकदमे दर्ज हैं और न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरफीन खां, मोहम्मद आदिल, जैनब परवीन, अलीशा और दिलनवाज अंसारी के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
■स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
बीएड कॉलेज और आसपास के मोहल्लों में लंबे समय से कथित नशे के कारोबार को लेकर लोगों में नाराजगी थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और युवाओं का भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
★★★★★★★★★★★★★★★★★★★
◆हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल पांडेय ने दी हड्डियों के स्वास्थ्य की अहम जानकारी



