68 दिन से लापता किशोरी की बरामदगी को कोतवाली पर प्रदर्शन

■68 दिन से लापता किशोरी की बरामदगी को कोतवाली पर प्रदर्शन
■पूर्व विधायक नारायण पाल बोले- पुलिस संयम से काम ले, पीड़ित परिवार से संवेदनशीलता से बात करे; 13 सितंबर तक सकुशल बरामदगी का अल्टीमेटम

■सितारगंज। 65 दिनों से लापता 13 वर्षीय किशोरी की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को मंडी समिति से निकली रैली सितारगंज कोतवाली पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली गेट पर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए कोतवाली परिसर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच कोतवाली कार्यालय में करीब दो घंटे तक तीखी नोकझोंक और वार्ता हुई। आखिर में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को 13 सितंबर तक किशोरी को सकुशल बरामद करने का समय दिया।
पूर्व विधायक नारायण पाल ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को इस संवेदनशील मामले में संयम और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से अपनी बच्ची की तलाश में परेशान है, ऐसे में परिवार से सही तरीके से बात करना और उसे कार्रवाई की जानकारी देना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने किशोरी की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की।
अनिता अन्ना ने भी प्रदर्शन के दौरान किशोरी की सकुशल बरामदगी को प्राथमिकता देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि एक परिवार 68 दिनों से अपनी बच्ची के लौटने का इंतजार कर रहा है। ऐसे मामले में पुलिस को तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल घर पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने और किशोरी की बरामदगी तक आवाज उठाते रहने की बात कही।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने मामले की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। करीब दो घंटे तक चली वार्ता के दौरान कई बार माहौल गरमाया और तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि किशोरी की सकुशल बरामदगी चाहिए।
बाद में प्रदर्शनकारियों ने 13 सितंबर तक का समय देते हुए कहा कि पुलिस इस अवधि में किशोरी को सकुशल बरामद करे। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में कोई ठोस परिणाम नहीं आया तो आगे आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली के बाहर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित रखा।इस दौरान आनंद सिंह नेगी,मोहित चोपड़ा,इमरान,आकाश अंसारी,गौरव लूथरा,फेमिश,मंजू आर्य,मोबिना,शबीना,सरमीन सिद्दकी आदि उपस्थित रहे!




