दो माह से नाबालिग लापता, पुलिस के हाथ खाली; 10 को प्रदर्शन का ऐलान

■दो माह से नाबालिग लापता, पुलिस के हाथ खाली; 10 को प्रदर्शन का ऐलान
■छह जुलाई से लापता है बालिका, सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर सड़क पर उतरेंगे लोग
■भाकपा माले ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, 15 सदस्यीय संयोजन समिति गठित

■सितारगंज। छह जुलाई से लापता नाबालिग बालिका का दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बालिका की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं, परिजनों और जागरूक युवाओं ने 10 सितंबर को बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। सोमवार को हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तय करने के साथ ही 15 सदस्यीय संयोजन समिति का गठन किया गया।
भाकपा (माले) नेता अनीता अन्ना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार बालिकाओं के गायब होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच कई मामलों में कार्रवाई तक पहुंच रही है, लेकिन जहां अपराधियों की सीधे संलिप्तता सामने आती है, वहां जांच मोबाइल लोकेशन तक सीमित होकर रह जाती है। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र से लगातार बालिकाओं के गायब होने के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका भी हो सकती है। पुलिस प्रशासन को इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए जांच करनी चाहिए।
अनीता अन्ना ने कहा कि दो माह से अधिक समय बीत चुका है। आरोपी और उसके परिजनों के बारे में जानकारी होने के बावजूद बालिका का पता नहीं लगाया जा सका है। इससे परिजनों में गहरा रोष है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर बालिका को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की।
विष्णु पदसाना ने कहा कि बालिका की सकुशल वापसी उनकी प्राथमिक मांग है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 10 सितंबर को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
●पदसाना अध्यक्ष और अनीता अन्ना बनीं सचिव
बैठक में आंदोलन के संचालन के लिए 15 सदस्यीय संयोजन समिति गठित की गई। सर्वसम्मति से विष्णु पदसाना को अध्यक्ष और अनीता अन्ना को सचिव चुना गया। समिति में रिजवान, सलमान, धीरज कुमार, फिरोज अंसारी, मोहम्मद हुसैन, इस्लाम नवी, जुनैद सिद्दीकी, साहिल खान, फैज खान, विशाल, अनस अंसारी, मोहम्मद, शानू और धर्मेंद्र को सदस्य बनाया गया।
बैठक में धीरज कुमार, लक्ष्मी, शबीना, राजू, बादल, आविद अली, रहोर खान, फिरोज, अनस, फैज खान, शकील खान, फिरदोश खातून, सोनू, फरहान, सतीक अहमद और मोहनी देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संयोजन समिति ने 10 सितंबर के प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क करने की बात कही।




