स्कूल से निकलीं तीन नाबालिग छात्राएं, घर नहीं पहुंचीं तो मचा हड़कंप

स्कूल से निकलीं तीन नाबालिग छात्राएं, घर नहीं पहुंचीं तो मचा हड़कंप

■स्कूल से निकलीं तीन नाबालिग छात्राएं, घर नहीं पहुंचीं तो मचा हड़कंप

■पुलिस ने 24 घंटे में हापुड़ बस स्टेशन से किया सकुशल बरामद, पूछताछ में दिल्ली घूमने जाने की बात सामने आई

✍🏻नारायण सिंह रावत
■सितारगंज। स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं तीन नाबालिग छात्राएं छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी जब छात्राओं का पता नहीं चला तो परिजनों ने रात में पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित स्थानों पर तलाश और संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस और परिजनों के संयुक्त प्रयास से तीनों छात्राओं को 24 घंटे के भीतर हापुड़ बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।

तीन सितंबर को तीनों छात्राएं रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। छुट्टी के बाद जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने पहले स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की। रिश्तेदारियों में भी जानकारी की गई, लेकिन छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद देर रात पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत कर छात्राओं की तलाश शुरू की।

●सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी से मिली कामयाबी

एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने छात्राओं की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सुरागरसी-पतारसी करते हुए संभावित स्थानों पर तलाश की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। परिजनों से लगातार संपर्क में रहते हुए पुलिस ने छात्राओं की तलाश तेज कर दी।

जांच के दौरान छात्राओं के हापुड़ पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने हापुड़ बस स्टेशन पहुंचकर तीनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि वे दिल्ली घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं। तीनों को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। परिजनों ने पुलिस टीम के त्वरित प्रयासों के लिए आभार जताया।

●पुलिस टीम में: प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जाविद मलिक, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल मतलूब खान और कांस्टेबल कमल गहतोड़ी शामिल रहे।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page