सरकार जनता के द्वार: पहले ही दिन उमड़ा जनसैलाब, 871

सरकार जनता के द्वार: पहले ही दिन उमड़ा जनसैलाब, 871

■सरकार जनता के द्वार: पहले ही दिन उमड़ा जनसैलाब, 871

■मरीजों ने कराई जांच
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने एक ही छत के नीचे दीं सभी स्वास्थ्य सेवाएं, आज और कल भी लगेगा नि:शुल्क शिविर

■सितारगंज। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी “सरकार जनता के द्वार” पहल के तहत उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में सोमवार को शुरू हुए विशेषज्ञ बहुउद्देशीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में पहले ही दिन लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से अस्पताल परिसर में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। दिनभर में 871 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया, आधुनिक जांचें कराईं और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। इनमें 381 पुरुष और 490 महिलाएं शामिल रहीं।
शिविर में जनरल मेडिसिन, महिला एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, शल्य चिकित्सा और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण किया। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, फिजियोथेरेपी, दवाइयां और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में 182 लोगों की उच्च रक्तचाप, 162 लोगों की मधुमेह, 93 लोगों की मुख कैंसर तथा 182 महिलाओं की स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 19 गर्भवती महिलाओं की फॉलो-अप एएनसी जांच, 17 नई गर्भवतियों का पंजीकरण, 46 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी परामर्श और 17 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत 22 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। पात्र लाभार्थियों के 9 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए, जबकि 13 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रयोगशाला में 44 हीमोग्लोबिन, 91 लीवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), 91 किडनी फंक्शन टेस्ट (आरएफटी) तथा 67 लिपिड प्रोफाइल जांचें भी नि:शुल्क की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि पहले दिन लोगों की अपेक्षा से अधिक भागीदारी रही। इसे देखते हुए शिविर 28 और 29 जुलाई को भी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जो लोग अभी तक स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा सके हैं, वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, सभी आवश्यक जांच, आयुष्मान भारत कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और नि:शुल्क दवाइयों सहित उपलब्ध सभी सुविधाओं का लाभ उठाएं।
★मुख्य बातें
●पहले दिन 871 मरीजों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ।
●विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच व उपचार किया।
●कैंसर, मधुमेह, टीबी और उच्च रक्तचाप की नि:शुल्क स्क्रीनिंग।
●एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच और दवाइयां भी रहीं मुफ्त।
◆शिविर 28 और 29 जुलाई को भी सुबह 10 से 2 बजे तक जारी रहेगा।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page