घर में दबिश, 40 पाउच में मिली 20 लीटर कच्ची शराब, महिला गिरफ्तार

■घर में दबिश, 40 पाउच में मिली 20 लीटर कच्ची शराब, महिला गिरफ्तार
■खेतालसंडा खाम में आबकारी टीम की कार्रवाई, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

■खटीमा। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बुधवार को खेतालसंडा खाम में दबिश देकर एक महिला को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। शराब 40 पाउचों में प्लास्टिक के कट्टे के अंदर रखी मिली। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, आबकारी आयुक्त के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में क्षेत्र-02 खटीमा की टीम ने खेतालसंडा खाम निवासी सुशीला शर्मा पत्नी स्व. पूरनलाल शर्मा के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को प्लास्टिक के एक कट्टे में 40 पाउच मिले, जिनमें करीब 20 लीटर कच्ची शराब भरी थी।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02 खटीमा बृजेश जोशी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान खटीमा का आबकारी स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अड्डों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।




