राज्य आंदोलन के संघर्ष को किया याद, सितारगंज में मोहन पाठक का भव्य स्वागत

■राज्य आंदोलन के संघर्ष को किया याद, सितारगंज में मोहन पाठक का भव्य स्वागत
■खेल परिषद के उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार अभिनंदन

■सितारगंज। उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त मोहन पाठक के प्रथम सितारगंज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी के मीना बाजार स्थित प्रतिष्ठान पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य आंदोलन के दौरान उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मोहन पाठक उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी आंदोलनकारियों में रहे हैं। राज्य आंदोलनकारी दिगम्बर सती ने कहा कि अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए मोहन पाठक ने संसद में पर्चे फेंककर आंदोलन की आवाज बुलंद की थी। उन्होंने यह संकल्प भी लिया था कि राज्य गठन तक अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। उनके संघर्ष और समर्पण ने आंदोलन को नई ऊर्जा दी।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी ने कहा कि मोहन पाठक का जीवन संघर्ष, समर्पण और उत्तराखंड के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। खेल परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बनने के बाद उनका पहली बार सितारगंज आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
सम्मान से अभिभूत मोहन पाठक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि हजारों आंदोलनकारियों और प्रदेश की जनता के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिकता प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना होगी, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और मंडल अध्यक्ष मुकेश सनवाल ने भी संबोधित किया। संचालन मंडल महामंत्री अमित रस्तोगी ने किया।
इस अवसर पर राजेश जायसवाल, भोला जोशी, संदीप बाबा, कलावती, उदय ठाकुर, सभासद सचिन गंगवार, चंदन श्रीवास्तव, साने आलम, पंकज गहतोड़ी, नितिन चौहान, जीत मौर्या, अमन रस्तोगी, अनवार सुहेल, तरसेम सिंह, सौरभ अरोरा, श्रीपाल वर्मा, नीरज चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



