पुलिस को देखते ही भागा युवक, कमर में छिपा रखा था तमंचा

■पुलिस को देखते ही भागा युवक, कमर में छिपा रखा था तमंचा
■एमबीआर गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने पीछा कर दबोचा,
■315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद

■सितारगंज। एमबीआर गेट के पास चेकिंग कर रही पुलिस को देखकर एक युवक अचानक भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और सिडकुल सर्विस रोड पर करीब 30 मीटर दूर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक की कमर में पैंट के अंदर छिपाकर रखा 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सितारगंज पुलिस की टीम एमबीआर गेट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैलाश नदी की ओर से एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह पीछे मुड़कर तेज कदमों से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
जामा तलाशी में युवक की कमर में दाहिनी ओर पैंट के अंदर छिपाकर रखा 315 बोर का तमंचा मिला। तमंचे की जांच करने पर उसकी नाल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार तमंचा चालू हालत में था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करता है और राह चलते लोगों को डराकर पैसे कमाने के लालच में तमंचा अपने पास रखता था। आरोपी की पहचान गौतम सिंह कुंवर (23) पुत्र स्व. सुरेश सिंह कुंवर, निवासी कल्याणपुर, सितारगंज के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में धारा 25(1-ख)(क) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगत साही, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह दानू, कांस्टेबल कमल गहतोड़ी और कांस्टेबल विनोद जोशी शामिल रहे।



