नानकमत्ता में अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो भट्टियां ध्वस्त

■नानकमत्ता में अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो भट्टियां ध्वस्त
■55 लीटर कच्ची शराब और 20 क्विंटल लहन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

■नानकमत्ता। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बुधवार को नानकमत्ता क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कच्ची खमरिया गांव में नाले के किनारे चल रही दो अवैध शराब की भट्टियों को टीम ने मौके पर नष्ट कर दिया। आसपास तलाशी के दौरान 55 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जबकि करीब 2000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया।
आबकारी आयुक्त के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में क्षेत्र-02 खटीमा की टीम ने यह कार्रवाई की। आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी के नेतृत्व में टीम ने कच्ची खमरिया गांव में दबिश दी। टीम को नाले के किनारे अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने दो भट्टियों को नष्ट कर दिया और शराब बनाने के लिए तैयार किए गए लहन को भी नष्ट किया।
■20 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
इसके अलावा आबकारी टीम ने सिसईखेड़ा, नानकमत्ता में भी कार्रवाई की। यहां पप्पू सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी सिसईखेड़ा को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई में क्षेत्र-02 खटीमा का समस्त आबकारी स्टाफ शामिल रहा। आबकारी विभाग ने कहा कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अड्डों को चिह्नित कर उनके समूल विनिष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी।



