फ्लू-डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बढ़ाई जाएंगी तैयारियां

■ फ्लू-डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बढ़ाई जाएंगी तैयारियां
■ सीएमओ ने सितारगंज अस्पताल का किया निरीक्षण, फ्लू-आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश
■ डेंगू मरीज बढ़े तो तत्काल शुरू करें वार्ड, बेड, ऑक्सीजन और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा

■सितारगंज। मौसम में बदलाव के साथ फ्लू, वायरल संक्रमण और डेंगू की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधम सिंह नगर डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने उप जिला चिकित्सालय सितारगंज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में फ्लू और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही डेंगू के संभावित मरीजों की संख्या बढ़ने पर तत्काल अलग वार्ड शुरू करने के निर्देश दिए। अस्पताल प्रशासन को पर्याप्त बेड, ऑक्सीजन, दवाइयां, जांच सुविधाएं और जरूरी चिकित्सा उपकरण पहले से उपलब्ध रखने को कहा।
सीएमओ ने निरीक्षण की शुरुआत इमरजेंसी से की। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मौसमी संक्रमण की स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने कहा कि संभावित संक्रमित मरीजों को आवश्यकता के अनुसार पृथक रखने की व्यवस्था होनी चाहिए। फ्लू और आइसोलेशन वार्ड में पर्याप्त बेड के साथ ऑक्सीजन, दवाइयां और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने बर्न वार्ड को भी व्यवस्थित और सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

●सफाई व्यवस्था मिली संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। इस पर सीएमओ ने संतोष जताते हुए स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों, इमरजेंसी, शौचालयों और परिसर में नियमित सफाई के साथ संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। सीएमओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए टीम भावना से कार्य करने और मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने को कहा।
इस दौरान एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह, सीएमएस डॉ. कुलदीप सिंह यादव, डॉ. अतुल कुमार और मयंक गोपाल मौजूद रहे। सीएमएस डॉ. कुलदीप सिंह यादव ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और आगामी तैयारियों की जानकारी सीएमओ को दी।



