कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी का शिकंजा, आरोपी गिरफ्तार

■कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी का शिकंजा, आरोपी गिरफ्तार
■देशी भुडिया में दबिश देकर 19 लीटर शराब और 46 पाउच किए बरामद

■खटीमा। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विभाग की टीम ने देशी भुडिया क्षेत्र में दबिश देकर 19 लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से शराब से भरे 46 पाउच बरामद हुए। विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आबकारी आयुक्त के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर क्षेत्र-2 खटीमा की आबकारी टीम ने शनिवार को देशी भुडिया क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया। टीम को अवैध कच्ची शराब के कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर बलवीर सिंह पुत्र मेहर सिंह निवासी देशी भुडिया, खटीमा को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 46 पाउचों में करीब 19 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इनमें 30 पाउच 500 मिलीलीटर और 16 पाउच 250 मिलीलीटर क्षमता के थे। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
●अवैध शराब के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी के नेतृत्व में की गई। दबिश देने वाली टीम में खटीमा क्षेत्र का समस्त आबकारी स्टाफ शामिल रहा। आबकारी विभाग ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



