इमरजेंसी गेट पर हंगामा, आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप

■इमरजेंसी गेट पर हंगामा, आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप
■डॉक्टरों-कर्मचारियों ने किया एक घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार, पुलिस से कार्रवाई की मांग

■सितारगंज। उपजिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता व आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने एक घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार कर रोष जताया। चिकित्सा अधिकारी ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, 21 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे उपजिला चिकित्सालय सितारगंज में आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से चल रही थीं। इसी दौरान थारू तिसौर, कैलाशपुरी निवासी को उपचार के लिए इमरजेंसी कक्ष में लाया गया। चिकित्सक ने उसका उपचार करने के बाद पुलिस मेमो के लिए मेडिकल परीक्षण किया और मेडिकल रिपोर्ट तैयार की।
आरोप है कि इसी दौरान व्यक्ति ने चिकित्सालय के इमरजेंसी गेट पर वीडियो बनाते हुए चिकित्सालय एवं चिकित्सा अधिकारियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे अस्पताल में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए जाने का भी आरोप है।
■वीडियो प्रसारित होने से कर्मचारियों में आक्रोश
चिकित्सालय प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छवि धूमिल होने के साथ ही अस्पताल में भय, तनाव और असुरक्षा का माहौल पैदा होता है। इससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के संचालन में भी बाधा पहुंचती है।
घटना के विरोध में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने एक घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया। साथ ही कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। चिकित्सा अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों का मनोबल बनाए रखने के लिए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।इस दौरान सीएमएस डॉ कुलदीप यादव, अतुल यादव,अविनव शर्मा,डॉ0 रबिन्द्र सिंह,मयंक नैनवाल आदि शामिल है!



