
■धान खरीद की तैयारियां तेज, 1863 किसानों ने कराया पंजीकरण
■एक अक्तूबर से शुरू होगी खरीद, किसानों की समस्याओं के लिए नोडल अधिकारी नामित

●नारायण सिंह रावत,संवादाता
■रुद्रपुर। जिले में एक अक्तूबर से शुरू होने वाली धान खरीद को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों को खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पंजीकरण से लेकर भुगतान तक की व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। जुलाई से शुरू हुए पंजीकरण अभियान के तहत अब तक भारत एप के माध्यम से 1863 किसान अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किसान और किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य करा लें, ताकि खरीद के समय किसी तरह की दिक्कत न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों से जुड़ी एफसीआई संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
धान खरीद के दौरान किसानों की शिकायतों के तत्काल निस्तारण के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी और मुख्य कृषि अधिकारी को नामित किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों पर किसानों द्वारा लाए जाने वाले धान की खरीद और उसके सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।
★पंजीकरण के लिए ये दस्तावेज जरूरी
आरएमओ लता मिश्रा ने बताया कि किसानों का पंजीकरण आधार कार्ड के माध्यम से किया जा रहा है। पंजीकरण के लिए खतौनी, आधार कार्ड, बैंक खाता और पंजीकृत मोबाइल नंबर जरूरी है। किसान अपने मोबाइल से भारत एप के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा मंडी और सीएससी केंद्रों पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। किसानों को गांव-गांव जाकर पंजीकरण, एमएसपी और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
★खाते में सीधे पहुंचेगा धान का भुगतान
आरएमओ ने बताया कि सरकार ने भुगतान प्रक्रिया को भी सरल बनाया है। धान खरीद के बाद किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका पर अंकुश लगेगा और किसानों को भुगतान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
★शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
धान खरीद से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए प्रशासन ने 9412987380 दूरभाष नंबर जारी किया है। किसान इस नंबर पर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, क्षेत्रीय खाद्य आयुक्त टीएस मर्तोलिया, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, एसएमओ कौशल कुमार, दीपक कुमार, के0सी0 आर्या, जगदीश क्लोनी, ओम नारायण मिश्रा, डिप्टी आरएमओ वरुण कुमार, मंडी सचिव योगेश तिवारी, विनोद चंद पलड़िया, जिला प्रबंधक यूसीएफ संजय आर्य, एनसीसीएफ संतोष कुमार, नीरज सिंह सहित किसान यूनियन के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।



