खटीमा में केबल चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

■खटीमा में केबल चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
■कार में भरकर ले जा रहे थे 2.50 लाख की विद्युत केबल, 165 टुकड़े बरामद
■पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा, कबाड़ियों को बेचते थे चोरी की केबल

■खटीमा। विद्युत लाइनों से केबल काटकर चोरी करने वाले गिरोह का खटीमा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत की चोरी की विद्युत केबल बरामद की है। आरोपी चोरी की केबल कार में भरकर ले जा रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खटीमा क्षेत्र में पहले भी विद्युत केबल चोरी कर कबाड़ियों को बेचने की बात कबूली है।

20 अगस्त को 33/11 केवी उपसंस्थान हल्दी के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि ग्राम चंदेली में अज्ञात चोरों ने 11 केवी कृषि फीडर की लाइन से केबल काटकर चोरी कर ली है। चोर चोरी की केबल कार में भरकर चंदेली से बंडिया की ओर भाग रहे हैं।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सत्रहमील मझौला उपनिरीक्षक किशोर पंत पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए। विद्युत विभाग की टीम के सहयोग से बंडिया स्थित भीम कॉलोनी के पास संदिग्ध कार UK-06-BF-0797 को रोक लिया गया। कार में सवार चारों आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया।
★कार में मिले केबल के 165 टुकड़े
कार की तलाशी लेने पर उसमें विद्युत केबल के करीब 165 टुकड़े बरामद हुए। प्रत्येक टुकड़ा लगभग दो से तीन फीट लंबा था। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया।
★पूछताछ में खुली चोरी की कई कड़ियां
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी खटीमा क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी करने और उसे कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों से गिरोह में शामिल अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
★ये आरोपी हुए गिरफ्तार
अलीम पुत्र सगीर अहमद निवासी सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, जुनैद पुत्र लियाकत अली निवासी दोपहरिया रोड सिरौलीकला, मो. अय्यूब पुत्र मो. ईषू निवासी सिरौलीकला और पिन्टू कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी नगला थाना पंतनगर को गिरफ्तार किया गया है।
अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी की तहरीर के आधार पर थाना खटीमा में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।



