सिडकुल सिसौना में अवैध शराब का खेल, क्वार्टर-हाफ की खुलेआम बिक्री के आरोप

■सिडकुल सिसौना में अवैध शराब का खेल, क्वार्टर-हाफ की खुलेआम बिक्री के आरोप

(चित्र परिचय-गूगल द्वारा लिया गया चित्र)
■सितारगंज। सिडकुल सिसौना क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री का मामला चर्चा में है। आरोप है कि क्षेत्र में जगह-जगह अंग्रेजी शराब के क्वार्टर और हाफ आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। शराब के शौकीनों को कथित तौर पर बिना किसी रोक-टोक के शराब मुहैया कराई जा रही है। अवैध शराब बिक्री को लेकर आबकारी और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिसौना और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है। आरोप है कि यह कारोबार लंबे समय से चल रहा है और जिम्मेदार विभागों को इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से कभी-कभार छापेमारी कर कुछ कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद कथित तौर पर फिर से अवैध बिक्री शुरू हो जाती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि छिटपुट कार्रवाई के बजाय इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
★राजस्व को नुकसान, नियमों की उड़ रही धज्जियां
अवैध शराब की बिक्री से सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही आबकारी नियमों की भी अनदेखी होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से सिसौना क्षेत्र में अभियान चलाकर शराब की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
★जिम्मेदारों का पक्ष: मामले में पुलिस और आबकारी विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।





