SIR की आपत्तियों के खिलाफ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, नाम न काटने की मांग

SIR की आपत्तियों के खिलाफ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, नाम न काटने की मांग

■SIR की आपत्तियों के खिलाफ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, नाम न काटने की मांग

■सितारगंज। SIR-2026 के तहत मतदाता सूची में दर्ज आपत्तियों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक नारायण पाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर तहसीलदार हिमांशु जोशी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में फार्म-10 में दर्ज आपत्तियों पर नियमानुसार सुनवाई किए बिना किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर प्रदर्शित विधानसभा सितारगंज के फार्म-10 में बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इनमें से कई आपत्तियां एक ही लोगों द्वारा बड़ी संख्या में लगाई गई हैं। उनका कहना है कि संबंधित मतदाताओं के बारे में जानकारी जुटाने पर यह सामने आया कि वे संबंधित क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं और मतदाता सूची में पंजीकृत रहने की सभी पात्रताएं पूरी करते हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पात्र मतदाताओं के नाम हटाने के उद्देश्य से झूठी और निराधार आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। ज्ञापन में निर्वाचन नियमों के तहत संबंधित आपत्तिकर्ताओं और जिन मतदाताओं के नाम पर आपत्ति की गई है, दोनों पक्षों को निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से सूचना देने तथा सुनवाई का अवसर प्रदान करने की मांग की गई है।

पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम राजनीतिक द्वेष या गलत सूचना के आधार पर नहीं काटा जाना चाहिए। फार्म-10 में दर्ज प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच और दोनों पक्षों को सुनवाई का अवसर देने के बाद ही नियमानुसार निर्णय लिया जाए। कांग्रेस किसी भी पात्र मतदाता के अधिकारों के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

ज्ञापन में मांग की गई कि आपत्तियों पर जल्दबाजी में कोई निर्णय न लिया जाए और निर्वाचन नियमों के अनुसार पूरी प्रक्रिया अपनाते हुए संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। इस दौरान एसआईआर प्रभारी परिमल रॉय,सुकुमार चक्रवर्ती, उत्तम आचर्य, व यूथ नगर अध्यक्ष आकाश अंसारी समेत कांग्रेस के बीएलओ और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page