तीज समारोह में महिलाओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

तीज समारोह में महिलाओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

■तीज समारोह में महिलाओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, संध्या थापा बनीं तीज क्वीन
एनजे पोर्टिको होटल में सजा तीज का मंच,

■कुर्सी दौड़ से रैंप वॉक तक महिलाओं ने दिखाया हुनर

■देहरादून। हरियाली तीज के उल्लास में शनिवार को एनजे पोर्टिको होटल में महिलाओं का रंगारंग तीज समारोह आयोजित किया गया। सुमन डोभाल काला, मीनाक्षी दीक्षित, सरोज पोखरियाल और लिली भट्ट के संयोजन में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। गीत-संगीत, नृत्य, तंबोला, कुर्सी दौड़, प्रश्नोत्तरी और रैंप वॉक ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। रैंप वॉक और विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में संध्या थापा तीज क्वीन चुनी गईं, जबकि अल्का जगदीश रनरअप रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं।

★गृहिणियों के लिए बना खास मंच

समारोह में बड़ी संख्या में गृहिणियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि कई महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के चलते अपनी प्रतिभा को मंच नहीं दे पातीं। ऐसे में तीज समारोह उनके लिए अपनी पसंद के गीत गाने, नृत्य करने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर बना। मंच पर महिलाओं की प्रस्तुतियों के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल रहा।

★हर वर्ग की महिलाओं को जोड़ने का प्रयास

आयोजक सुमन डोभाल काला ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। प्रयास रहता है कि हर वर्ग की महिला कार्यक्रम में शामिल हो और अपनी प्रतिभा दिखाए। इस बार महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजन सफल रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तंबोला, कुर्सी दौड़ और प्रश्नोत्तरी में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंत में विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देकर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page