17.15 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

■17.15 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार
■8,200 रुपये नकदी, बाइक और तीन मोबाइल बरामद, ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

■सितारगंज। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने स्मैक की तस्करी और बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक, 8,200 रुपये नकद, एक पल्सर बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सितारगंज पुलिस ग्राम नकुलिया क्षेत्र में मजदूरों के सत्यापन और गश्त पर थी। सड़क किनारे पल्सर बाइक पर बैठे युवक के आसपास कुछ अन्य युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही वे मौके से भाग निकले। इसी दौरान बाइक सवार युवक भी बाइक मोड़कर घर की ओर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे आंगन के बाहर दबोच लिया।
★स्मैक के साथ बिक्री में इस्तेमाल सामान भी मिला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह (32) पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी ग्राम नकुलिया, चौकी सिडकुल, कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक और 8,200 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा पल्सर बाइक संख्या UK06BM5190, वीवो, सैमसंग गैलेक्सी और आईफोन-13 समेत तीन मोबाइल फोन, 50 कागज के टुकड़े, छह फ्यूल पेपर के टुकड़े और 15 पारदर्शी पन्नियां बरामद की गईं।
★एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में एफआईआर संख्या 406/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
★ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल टीएस मरतोलिया, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, अशोक बोरा और ज्योति शर्मा शामिल रहे।




