एक नजर-धान बेचने से पहले करा लें पंजीकरण, वरना खरीद केंद्र पर नहीं बिकेगा धान

■धान बेचने से पहले करा लें पंजीकरण, वरना खरीद केंद्र पर नहीं बिकेगा धान
■एक अक्तूबर से शुरू होगी धान खरीद, भारत खरीद ऐप पर पंजीकरण अनिवार्य
■45 फीसदी किसानों का पंजीकरण पूरा, छूटे किसानों के घर पहुंचकर पंजीकरण कराएगा विभाग

■खटीमा/सितारगंज/नानकमत्ता। खरीफ विपणन सत्र 2026-27 में धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए जरूरी खबर है। प्रदेश में धान खरीद एक अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। इस बार खरीद केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों का भारत खरीद मोबाइल ऐप पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। बिना पंजीकरण किसान का धान खरीद केंद्र पर नहीं खरीदा जाएगा। ऐसे में विभाग ने किसानों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द पंजीकरण कराने की अपील की है।
कुमाऊं संभाग के ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जनपद में धान खरीद की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभाग की ओर से किसानों को पंजीकरण के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ विपणन अधिकारी कार्यालय के अलावा वीएमएफ, वीएसएस, यूसीएफ, उपभोक्ता सहकारी समितियों और अधिकृत किसान एजेंटों के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
■45 प्रतिशत किसानों का पंजीकरण पूरा
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 45 प्रतिशत किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है। एसएमआई सितारगंज विनय चौधरी, एसएमआई नानकमत्ता जगदीश कालोनी और वरिष्ठ विपणन अधिकारी खटीमा केएस आर्य की ओर से क्षेत्र में किसानों के साथ बैठकें कर उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पंजीकरण से छूटने वाले किसानों को चिह्नित कर विभाग की ओर से उनके घर-घर जाकर भी पंजीकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।
★किसान संगठनों और प्रधानों का भी लिया जा रहा सहयोग
खटीमा के वरिष्ठ विपणन अधिकारी के0सी0 आर्य ने बताया कि किसानों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किसान संगठनों के पदाधिकारियों और ग्राम प्रधानों के साथ बैठकें की जा रही हैं। किसान यूनियन चढ़ूनी के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सिंह राणा के साथ पूर्व और वर्तमान ग्राम प्रधानों की मौजूदगी में भी किसानों से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की गई।
★किसानों को बैठकों के जरिए कर रहे जागरूक
एसएमआई सितारगंज विनय चौधरी ने बताया कि किसानों को धान खरीद की प्रक्रिया और पंजीकरण की अनिवार्यता के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है। गांवों में बैठक कर किसानों को समय से पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे खरीद शुरू होने के बाद किसी किसान को परेशानी न उठानी पड़े।
एसएमआई नानकमत्ता जगदीश कालोनी ने बताया कि किसानों से संपर्क कर पंजीकरण कराने की अपील की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।

एसएमआई खटीमा के0सी0 आर्य ने कहा कि किसानों को अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचाने के लिए अभी से पंजीकरण कराने पर जोर दिया जा रहा है। विभागीय स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
★ये दस्तावेज होंगे जरूरी
- आधार कार्ड
- आधार से लिंक पंजीकृत मोबाइल नंबर
- पटवारी द्वारा सत्यापित कृषि रकबे का विवरण
- बैंक पासबुक
★नजर डालें
धान खरीद शुरू होगी: 1 अक्तूबर 2026
पंजीकरण: भारत खरीद मोबाइल ऐप
पंजीकरण वाले जिले: ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत
पंजीकरण केंद्र: वरिष्ठ विपणन अधिकारी कार्यालय, वीएमएफ, वीएसएस, यूसीएफ, उपभोक्ता सहकारी समितियां और अधिकृत किसान एजेंट
★विभाग की किसानों से अपील
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करा लें। पंजीकरण पूरा होने के बाद ही किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत खरीद केंद्र पर अपना धान बेच सकेंगे।
✍🏻नारायण सिंह रावत




