22 किलो गौमांस के साथ दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

■22 किलो गौमांस के साथ दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
■तीन बाइक से बरामद हुआ प्रतिबंधित मांस, बीथा-नकटपुर मार्ग पर गौवंश संरक्षण स्क्वॉड और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

■सितारगंज। गौवंश संरक्षण स्क्वॉड और सितारगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बीथा-नकटपुर मार्ग पर तीन मोटरसाइकिलों से कथित रूप से गौमांस ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलोग्राम गौमांस और तीन मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने मामले में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
13 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर गौवंश संरक्षण स्क्वॉड और सितारगंज पुलिस ने बीथा-नकटपुर मार्ग पर डेयरी के पास घेराबंदी की। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके से शकील अहमद (45) निवासी महोलिया, बहेड़ी, बरेली और एजाज अहमद उर्फ गुड्डू (42) निवासी सिरसईया, सितारगंज को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मो. हनीफ निवासी नकटपुर खेतों के रास्ते फरार हो गया।
★तीन मोटरसाइकिलों से 22 किलो मांस बरामद
पुलिस के अनुसार काली बजाज प्लैटिना संख्या UK 06 AV 3336 से 13 किलो, लाल सुपर स्प्लेंडर संख्या UK 06 AJ 5478 से पांच किलो और लाल स्प्लेंडर प्लस संख्या UK 06 BL 3049 से चार किलो कथित गौमांस बरामद हुआ।
★फरार आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की धाराओं 3/5/6/11(1) के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कार्रवाई में गौवंश संरक्षण स्क्वॉड प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज बेलवाल, सरकड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक तिवारी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।




