बिजली की बेपटरी व्यवस्था ने बढ़ाया जल संकट

■बिजली की बेपटरी व्यवस्था ने बढ़ाया जल संकट
■पानी उपलब्ध, लेकिन बिजली की आंख-मिचौली से सूखे नल
■जनप्रतिनिधियों की चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था,
■जल संस्थान और विद्युत विभाग में समन्वय का अभाव

■सितारगंज। भीषण गर्मी में नगरवासियों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जल संस्थान की ओर से पानी की व्यवस्था समय पर की जा रही है, लेकिन विद्युत विभाग की लड़खड़ाई व्यवस्था के चलते लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति और बार-बार व्यवधान ने पेयजल व्यवस्था की पूरी तस्वीर बिगाड़ दी है।
नगर के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे लोगों को गर्मी के मौसम में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की उपलब्धता के बावजूद बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
★कई बार चेताया, फिर भी नहीं बनी बात
पेयजल संकट को देखते हुए कई जनप्रतिनिधि विद्युत विभाग के अधिकारियों को पहले ही चेतावनी दे चुके हैं। उनसे जल संस्थान के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और पेयजल आपूर्ति के समय निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।
★गर्मी में जनता बेहाल, जिम्मेदार बेपरवाह
नगरवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान होना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने और जल संस्थान के साथ समन्वय बनाकर पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बार-बार चेताने के बावजूद यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो यह ‘ढाक के तीन पात’ वाली स्थिति है। गर्मी में किसी भी नागरिक को जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए दोनों विभागों के बीच तत्काल प्रभावी समन्वय जरूरी है।




