आठ बाइक बरामद, खुल सकता है वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क का राज

■आठ बाइक बरामद, खुल सकता है वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क का राज

■खटीमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो विधि से संघर्षरत बालक संरक्षण में, निशानदेही पर झाड़ियों से मिलीं सात और चोरी की मोटरसाइकिलें
■खटीमा। वाहन चोरी के खिलाफ खटीमा पुलिस के अभियान को बड़ी सफलता मिली है। झनकट चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को चोरी की बाइक के साथ संरक्षण में लिया। पूछताछ में सामने आई जानकारी के बाद पुलिस ने आम की बगिया की झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं सात और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। एक साथ आठ बाइक बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इसके पीछे वाहन चोरी का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

◆चित्र परिचय-अजय गणपति, एस एस पी ऊधम सिंह नगर!
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अगस्त को चौकी झनकट पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को UP23AE1186 नंबर की मोटरसाइकिल के साथ संरक्षण में लिया गया।
जांच में बाइक खटीमा कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 224/2025, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे आम की बगिया की झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं सात अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
★नंबर प्लेट हटाकर मिटा रहे थे पहचान
पुलिस के अनुसार, बरामद कई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाई अथवा तोड़ी गई थीं। इससे चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों का पता लगाने के साथ दूसरे थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से भी इनका मिलान कर रही है।
★पुलिस खंगाल रही चोरी की कड़ियां
बरामद आठों वाहनों का अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
★ये आठ वाहन बरामद
UP23AE1186, UK06AA5843, UK06U3045, UK06BE9724, UK06AR9017, UK06R2641, UK06BN-6698 (चेसिस नंबर MBLHAW477SHJC8035) और एक Kawasaki K-TEC, जिसके पंजीकरण, चेसिस और इंजन नंबर उपलब्ध नहीं हैं।
★इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक अशोक काण्डपाल, उपनिरीक्षक/विवेचक भुवन चंद्र गहतौड़ी, कांस्टेबल नवीन रजवार, कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह और पीआरडी जवान बीरेन्द्र सिंह शामिल रहे।



