तीज मेले में पंजाबी संस्कृति के रंग, गिद्धा और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने बांधा समां

■तीज मेले में पंजाबी संस्कृति के रंग, गिद्धा और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने बांधा समां
■‘सांझ तीयां दी’ में महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा, पंजाबी विरसा के गिद्धा और स्किट ने मोहा दर्शकों का मन

■सितारगंज। ‘पंजाबी विरसा’ सितारगंज की ओर से आयोजित तीज मेला ‘सांझ तीयां दी’ में पंजाबी संस्कृति और परंपराओं के रंग देखने को मिले। शनिवार को संजोग रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने गिद्धा, तीज क्वीन (फबदी मुटियार) और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में देर तक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही।
गिद्धा प्रतियोगिता में हरविंदर कौर ने प्रथम, अमनदीप कौर ने द्वितीय और गुनीव कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तीज क्वीन (फबदी मुटियार) प्रतियोगिता में हरप्रीत कौर प्रथम, निशा अरोरा द्वितीय और जसविंदर कौर तृतीय रहीं। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
‘पंजाबी विरसा’ ग्रुप की महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी परिधानों में गिद्धा और विभिन्न स्किट प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से पंजाबी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक संदेशों को जीवंत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।
★अतिथियों ने की पंजाबी संस्कृति को बढ़ावा देने की सराहना
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रूपी बल रहीं। विशेष अतिथियों में कुलविंदर कौर और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सिमरजीत कौर मौजूद रहीं। अतिथियों ने ‘पंजाबी विरसा’ की ओर से पंजाबी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन रविंदर कौर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में इंदु शैली, मंजू तनेजा, शीतल कौर, संजीत कौर, कुलविंदर कौर, मीनू तनेजा, मनीषा मिगलानी, प्रियंका सिडाना, सपना, प्रेमजीत कौर, गगनदीप कौर और रमनदीप कौर सहित समूह की सदस्यों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ निकाले गए। लकी ड्रॉ के दौरान भी लोगों में खासा उत्साह रहा। पूरे आयोजन में हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा। महिलाओं और अतिथियों ने पंजाबी लोक संस्कृति से जुड़े इस आयोजन की खूब सराहना की।



