पुलिस मुठभेड़ में लूट व अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी दबोचा

■पुलिस मुठभेड़ में लूट व अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी दबोचा
■पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, तमंचा, लूटा गया पर्स और बाइक बरामद

■नानकमत्ता। नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को नानकमत्ता पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया पर्स, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की तलाश में गश्त कर रही थी। मच्छी झाला के पास पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गया। करीब दो किलोमीटर पीछा करने के बाद गलाबाग के पास उसकी बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपी ने झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा फायरिंग की। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पांच अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। मामले में शामिल दोनों अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



