किरायेदार सत्यापन में लापरवाही पर पुलिस सख्त

■किरायेदार सत्यापन में लापरवाही पर पुलिस सख्त
■पांच मकान मालिकों पर 50 हजार रुपये की कार्रवाई, सात किरायेदारों का भी चालान

■सितारगंज। अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को पहाड़ी उकरौली क्षेत्र में सघन किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले पांच मकान मालिकों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा-83 के तहत 10-10 हजार रुपये के चालान कर माननीय न्यायालय भेजे गए। वहीं, सत्यापन नहीं कराने वाले सात किरायेदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 250-250 रुपये के हिसाब से कुल 1,750 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, चौकी प्रभारी सिडकुल जगत सिंह साही, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह दानू तथा पुलिस टीम ने क्षेत्र में घर-घर जाकर सत्यापन किया। इस दौरान किरायेदारों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच के साथ “PAHCHAN App” के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन भी किया गया।
■हाइलाइट्स
●पांच मकान मालिकों पर 10-10 हजार रुपये के चालान न्यायालय भेजे गए।
●सात किरायेदारों से कुल 1,750 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
●PAHCHAN App के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन किया गया।
●पुलिस ने किरायेदार, घरेलू नौकर और बाहरी व्यक्तियों का समय से सत्यापन कराने की अपील की।
■पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने क्षेत्रवासियों और मकान मालिकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि किरायेदारों, घरेलू नौकरों एवं बाहरी व्यक्तियों का समय पर सत्यापन कराना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



