फीस नहीं तो परीक्षा नहीं! बकाया शुल्क वाले छात्रों पर सख्ती

■फीस नहीं तो परीक्षा नहीं! बकाया शुल्क वाले छात्रों पर सख्ती
■यूनिट टेस्ट से पहले फीस जमा करने का अल्टीमेटम, बिना शुल्क स्कूल पहुंचे तो प्रवेश भी होगा बंद, पुनर्परीक्षा के लिए ₹500 अलग से देने होंगे

■सितारगंज। नगर के एक निजी विद्यालय ने यूनिट टेस्ट से पहले फीस वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को जारी सूचना में साफ कहा गया है कि बकाया फीस जमा किए बिना विद्यार्थियों को न तो कक्षा में बैठने दिया जाएगा और न ही यूनिट टेस्ट में शामिल होने की अनुमति मिलेगी।
विद्यालय की ओर से जारी नोटिस में अभिभावकों को चेतावनी दी गई है कि यदि वे फीस जमा किए बिना बच्चों को स्कूल भेजते हैं तो उन्हें विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही कहा गया है कि यदि कोई छात्र यूनिट टेस्ट से वंचित रहता है और बाद में परीक्षा देना चाहता है, तो उसके लिए ₹500 पुनर्परीक्षा शुल्क देना होगा।
विद्यालय प्रबंधन ने इसे प्रशासनिक व्यवस्था और समय पर शुल्क जमा कराने के उद्देश्य से उठाया गया कदम बताया है। वहीं, सूचना सामने आने के बाद अभिभावकों के बीच इस व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ अभिभावकों का कहना है कि फीस वसूली आवश्यक है, लेकिन परीक्षा से वंचित करने का निर्णय बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर डाल सकता है।



