टीसी प्रकरण में शिक्षा विभाग सख्त, स्कूल से दोबारा मांगा जवाब

टीसी प्रकरण में शिक्षा विभाग सख्त, स्कूल से दोबारा मांगा जवाब

■टीसी प्रकरण में शिक्षा विभाग सख्त, स्कूल से दोबारा मांगा जवाब

■बीईओ बोले- अनियमितताएं मिलने पर होगी विधिक कार्रवाई, अभिभावक ने तीन माह तक टीसी न देने का लगाया है आरोप


■खटीमा। छात्रों की टीसी (स्थानांतरण प्रमाणपत्र) जारी करने में कथित लापरवाही और अतिरिक्त शुल्क मांगने के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित निजी विद्यालय के खिलाफ जांच तेज कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) खटीमा ने विद्यालय प्रबंधन से प्राप्त स्पष्टीकरण पर असंतोष जताते हुए दोबारा जवाब तलब किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मामला खटीमा क्षेत्र के एक निजी विद्यालय से जुड़ा है। अभिभावक हरेंद्र सिंह रावत ने खंड शिक्षा अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उन्होंने 27 मई 2026 को अपने तीन बच्चों की टीसी के लिए आवेदन किया था, लेकिन करीब तीन माह बीतने के बाद भी विद्यालय ने टीसी जारी नहीं की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि विद्यालय प्रबंधन ने टीसी जारी करने के नाम पर फीस और अन्य शुल्क की मांग की, जिससे बच्चों का दूसरे विद्यालय में समय पर प्रवेश नहीं हो सका।
शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा था। विद्यालय की ओर से जवाब भी प्रस्तुत किया गया, लेकिन विभाग ने कुछ बिंदुओं पर पुनः स्पष्टीकरण मांगा है।
खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन गहतोड़ी ने बताया कि “विद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया था। विद्यालय ने अपना जवाब भी दिया है, लेकिन कुछ बिंदुओं पर दोबारा जवाब मांगा गया है। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो शिक्षा विभाग नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाएगा।”
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब मामले की जांच और विद्यालय के अंतिम जवाब पर सभी की निगाहें टिकी हैं। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जा सकती है।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page