ऑपरेशन प्रहार: 24 घंटे के भीतर बाइक चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

■ऑपरेशन प्रहार: 24 घंटे के भीतर बाइक चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

■सितारगंज। ऊधमसिंहनगर पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सितारगंज पुलिस ने बाइक चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस (UK06AS2180) मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात कन्फेक्शनरी की दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। वाहन स्वामी निखिल की तहरीर पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर सिडकुल मार्ग से शिवम कुमार गुप्ता (20 वर्ष), निवासी वार्ड-11, बंगाली कॉलोनी, सितारगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
बरामदगी: हीरो स्प्लेंडर प्लस (काला रंग), पंजीकरण संख्या UK06AS2180।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एएसआई प्रेम सिंह, कांस्टेबल प्रेम सिंह एवं कांस्टेबल जगदीश कोठियाल।



