थाना दिवस में जनसुनवाई के साथ शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा, नए निर्माण कार्यों का लोकार्पण; एसएसपी ने दिए आवश्यक निर्देश

■थाना दिवस में जनसुनवाई के साथ शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा, नए निर्माण कार्यों का लोकार्पण; एसएसपी ने दिए आवश्यक निर्देश
■सितारगंज कोतवाली परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और विकास कार्यों का शुभारंभ, लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं

सितारगंज, संवाददाता। कोतवाली सितारगंज परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिसर स्थित मंदिर में शिवलिंग की वैदिक रीति-रिवाज से प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। साथ ही नव निर्मित मैस एवं अन्य विकास कार्यों का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने लोकार्पण किया।

धार्मिक अनुष्ठान के बाद आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। एसएसपी ने कई शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और त्वरित समाधान के लिए पहल की।
शक्तिफार्म निवासी अनिमा हालदार ने पुलिस चौकी परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव और शिकायतें रखीं। इस पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि चौकी परिसर में आमजन को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
वहीं, शक्तिफार्म की मीनाक्षी विश्वास ने क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों के कम उम्र में विवाह और पुलिस चौकी में महिला स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिला पुलिस कर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही नाबालिग विवाह रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, सिडकुल चौकी प्रभारी जगत सिंह साही, सरकड़ा चौकी प्रभारी दीपक तिवारी, एसआई कैलाश देव, महिला उपनिरीक्षक बबिता टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता शिव कुमार मित्तल, महेश मित्तल, राकेश त्यागी, लक्खा सिंह, शमशुल हक मलिक, सिडकुल एसोसिएशन अध्यक्ष दुर्गेश मोहन, किशन सत्यवली, केके राय, दीपक गुप्ता, मनीष मित्तल, नगर पालिका ईओ प्रतिभा कोहली, शिखा हालदार, रामकुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




