पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर घायल, दो साथी गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर घायल, दो साथी गिरफ्तार

■पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर घायल, दो साथी गिरफ्तार
■गाबा चौक व पुलभट्टा फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी दबोचा, एक बदमाश फरार; तीन तमंचे और कारतूस बरामद


■रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने गैंगवार की साजिश को नाकाम करते हुए रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथियों को भी दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर की रेनॉल्ट क्विड कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड में वांछित जितेंद्र चौधरी अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर जाफरपुर कट के पास घेराबंदी की गई।

पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वाहन लेकर भाग निकले।
पीछा करने पर यूनिटी लॉ कॉलेज के पास कार अनियंत्रित होकर तारबाड़ से टकरा गई। इसके बाद बदमाश खेतों में भाग गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी, सुमित राठौर और चंदन लाल के रूप में हुई है। वहीं, निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, फायरिंग, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल में हुए गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड का भी मुख्य आरोपी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में गैंगवार, रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी
तीन तमंचे (315 बोर)
आठ जिंदा कारतूस
दो खोखा कारतूस
बिना नंबर की रेनॉल्ट क्विड कार
तीन मोबाइल फोन

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page