ऑपरेशन प्रहार: स्कूल में चोरी और सीसीटीवी तोड़ने वाला शातिर दबोचा, चोरी की स्प्रे मशीन बरामद

■ऑपरेशन प्रहार: स्कूल में चोरी और सीसीटीवी तोड़ने वाला शातिर दबोचा, चोरी की स्प्रे मशीन बरामद

■सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुंवरपुर में ताला तोड़कर चोरी करने और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्रे मशीन भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को अज्ञात चोर ने विद्यालय का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। उसने पहचान छिपाने के लिए विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनकी वायरिंग को नुकसान पहुंचाया तथा स्प्रे मशीन चोरी कर फरार हो गया। मामले में प्रधानाचार्य विकास पाण्ड्य की तहरीर पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सघन जांच के आधार पर रोशन लाल पुत्र रामशकल, निवासी ग्राम गोठा, को गोठा-बेगुल डाम मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्प्रे मशीन बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई कैलाश देव, हेड कांस्टेबल श्रीभुवन और कांस्टेबल अशोक बोरा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




