सितारगंज में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत तीन गिरफ्तार; चोरी की दो बाइक बरामद

सितारगंज में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत तीन गिरफ्तार; चोरी की दो बाइक बरामद

■सितारगंज में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत तीन गिरफ्तार; चोरी की दो बाइक बरामद

■बाइक चोरी के बाद बदल देते थे नंबर प्लेट, तीन अन्य साथी अब भी फरार; कई वारदातों के खुलासे की उम्मीद


■सितारगंज। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वाहन चोरों के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के तीन अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून को नानकमत्ता रोड स्थित गुरुद्वारे के बाहर खड़ी अजय कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिडकुल रोड से गिरोह के सरगना गौरव कश्यप, किशन मंडल उर्फ किन्नू और फैजान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सितारगंज क्षेत्र में कई बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उनकी मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे, ताकि पुलिस आसानी से उनका पता न लगा सके।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना गौरव कश्यप पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसने ही अपने साथियों को बाइक चोरी करने, लॉक तोड़ने और पुलिस से बचने के तरीके सिखाए थे। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ करेगी। इससे और भी वारदातों के खुलासे की संभावना है।
बरामद मोटरसाइकिलों में एक हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक एचएफ डीलक्स शामिल है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे में बढ़ोतरी की गई है।
●गिरफ्तार आरोपी
गौरव कश्यप (24), निवासी वार्ड-6, नहर पार, सितारगंज
किशन मंडल उर्फ किन्नू (20), निवासी वार्ड-6, नहर पार, सितारगंज
फैजान (20), निवासी ग्राम पंडरी, सितारगंज
●इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई जगत सिंह साही सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page