भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दिखी सादगी, कार्यकर्ताओं के बीच पीछे की पंक्ति में बैठे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा

■भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दिखी सादगी, कार्यकर्ताओं के बीच पीछे की पंक्ति में बैठे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा
■सितारगंज। भारतीय जनता पार्टी, जिला ऊधम सिंह नगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ का सितारगंज मण्डल में समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में न केवल सांगठनिक विषयों पर चर्चा हुई, बल्कि भाजपा की उस गौरवशाली परंपरा की मिसाल भी देखने को मिली जहां पद से ऊपर ‘कार्यकर्ता’ को माना जाता है।

कार्यक्रम के दूसरे दिन उस समय एक प्रेरक दृश्य देखने को मिला जब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा अपने निर्धारित सत्र के लिए पहुंचे। एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद, उन्होंने मंच या अगली कतार के वीआईपी प्रोटोकॉल को त्यागकर सादगी की अनूठी मिसाल पेश की। मंत्री बहुगुणा चुपचाप कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और पीछे की पंक्ति में एक खाली पड़ी सामान्य कुर्सी पर जाकर बैठ गए। काफी देर तक वे एक अनुशासित सामान्य कार्यकर्ता की तरह वहीं बैठकर अन्य वक्ताओं को सुनते रहे।
इतने बड़े संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति को अपने बीच पीछे की पंक्ति में साधारण तरीके से बैठा देख कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है, जहाँ कोई भी छोटा या बड़ा नहीं होता और नेतृत्व जमीन से जुड़ा रहता है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रथम दिन प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह और पूर्व प्रदेश सह-संयोजक नवीन भट्ट ने भाजपा के इतिहास, विकास और कार्य विस्तार की दृष्टि पर महत्वपूर्ण सत्र लिए। दूसरे दिन की शुरुआत योग और जलपान से हुई, जिसके बाद पूर्व जिला महामंत्री गोपाल बोरा ने पार्टी की कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला।
तकनीकी सत्र में जिला आईटी प्रमुख मानस जायसवाल ने सोशल मीडिया, एआई, नमो ऐप और सरल ऐप के प्रभावी उपयोग के बारे में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। अंतिम सत्र में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश कोली ने बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की बारीकियों को समझाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दो दिवसीय वर्ग में मण्डल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग कर संगठन की रीति-नीति का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मंडल अध्यक्ष मुकेश सनवाल, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी,आदि उपस्थित रहे!




