ईद मिलाद कार्यक्रम को व्यापार मंडल की सहमति, नगीना पैलेस में बाजार लगाने पर जताई आपत्ति

■ईद मिलाद कार्यक्रम को व्यापार मंडल की सहमति, नगीना पैलेस में बाजार लगाने पर जताई आपत्ति

■सितारगंज। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल सितारगंज ने बुधवार को तहसीलदार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों से जुड़े मुद्दे उठाए। व्यापार मंडल ने आगामी 25 और 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर अपनी सहमति जताते हुए सहयोग का भरोसा दिया। वहीं, नगीना पैलेस में बाजार लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं देने की मांग की।

व्यापार मंडल की ओर से सौंपे गए पहले ज्ञापन में कहा गया कि मुस्लिम समुदाय द्वारा हजरत मोहम्मद का जन्मदिवस प्रत्येक वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी 25 और 26 अगस्त को जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शहर में जुलूस सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। व्यापार मंडल ने कहा कि उसे इन आयोजनों से किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है और कार्यक्रमों में पूरा सहयोग किया जाएगा।
दूसरे ज्ञापन में व्यापार मंडल ने नगीना पैलेस सितारगंज में लगने वाली बाजार को लेकर विरोध जताया। ज्ञापन में कहा गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा नगीना पैलेस में बाजार लगाकर घरेलू एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री कराए जाने की जानकारी मिली है। इससे स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर आर्थिक प्रभाव पड़ने के साथ उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। व्यापार मंडल ने यह भी आशंका जताई कि ऐसे बाजार लगने से सरकार को टैक्स का नुकसान होगा तथा अन्य घटनाओं की संभावना भी बनी रहेगी। मंडल ने प्रशासन से बाजार की अनुमति पर रोक लगाने की मांग की।
व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष दीपेंद्र सिंघल ‘दीपू’ ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल हर धार्मिक आयोजन में सहयोग और आपसी सौहार्द बनाए रखने के पक्ष में है, लेकिन स्थानीय व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित करने वाले बाहरी बाजारों को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमेश गर्ग”सोनू,सभासद रेहान अंसारी,सचिन गंगवार,पूर्व निर्दलीय चेयरमैन प्रत्यासी सरफराज अहमद”राजू,जलील अहमद,बॉबी कोहली पदाधिकारी,समाज सेवी एवं व्यापारी मौजूद रहे।



