92 हजार की उधारी का तकादा करना पड़ा भारी, डेयरी संचालक से मारपीट

■92 हजार की उधारी का तकादा करना पड़ा भारी, डेयरी संचालक से मारपीट
डेयरी में सामान फेंका, आग लगाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

■सितारगंज। करीब 92 हजार रुपये की उधारी का तकादा करना एक डेयरी संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि उधारी मांगने से नाराज युवक ने पहले डेयरी पर पहुंचकर गाली-गलौज की और आग लगाने की धमकी दी। इसके बाद दोपहर में दोबारा दुकान पर पहुंचकर सामान फेंक दिया और संचालक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया गया है।
★पांच साल में हो गई 92 हजार की उधारी
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर सात निवासी केसर सिंह वार्ड नंबर दो में कस्तूरबा गांधी स्कूल के सामने डेयरी संचालित करते हैं। तहरीर में उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर आठ निवासी रवि गुप्ता पिछले करीब पांच वर्षों से उनकी दुकान से दूध-दही समेत अन्य सामान खरीदता था। इस दौरान उस पर करीब 92 हजार रुपये की उधारी हो गई।
★उधारी मांगने पर किया हंगामा
तहरीर के मुताबिक, नौ अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे रवि गुप्ता डेयरी पर पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए उधार सामान देने की मांग करने लगा। कर्मचारियों के मना करने पर आरोपी ने डेयरी में आग लगाने की धमकी दी। आरोप है कि दोपहर करीब 12:40 बजे वह दोबारा दुकान पर पहुंचा और वहां रखा सामान फेंकने लगा। विरोध करने पर डेयरी संचालक से मारपीट और गाली-गलौज की।
शोर सुनकर हरप्रीत सिंह और रोहित रस्तोगी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। तहरीर में आरोप है कि आरोपी ने संचालक को जान से मारने की धमकी भी दी। संचालक ने घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात पुलिस को बताई है।
★तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रवि गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरीश कुमार को सौंपी गई है। कोतवाली सितारगंज में मुकदमा 14 अगस्त 2026 को शाम 5:27 बजे दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




