सकारात्मक सोच और पारिवारिक मूल्यों को समर्पित स्माइल फैमिली का आयोजन

■सकारात्मक सोच और पारिवारिक मूल्यों को समर्पित स्माइल फैमिली का आयोजन

■सितारगंज। प्रेरणादायक पारिवारिक मिलन एवं व्यक्तित्व विकास पर आधारित स्माइल फैमिली का शेली स्कूल के प्रबंधक व मोटिवेशनल स्पीकर राजेश शैली तथा उनकी धर्मपत्नी इंदू शैली द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में सकारात्मक सोच, स्वस्थ संवाद, आत्म-विकास, श्रेष्ठ संस्कार एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में सितारगंज, किच्छा, रुद्रपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से आए अनेक परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
राजेश शैली ने अपने संबोधन में बताया कि स्माइल फैमिली केवल मनोरंजन या सामाजिक मेल-मिलाप का मंच नहीं है, बल्कि परिवारों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, मानसिक स्वास्थ्य एवं पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने वाला एक सतत अभियान है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जीवन में सकारात्मकता को स्वभाव बनाने, हर परिस्थिति में सकारात्मक बने रहने की कला, न्यूरो लिंग्विस्टिक प्रोग्रामिंग मन, विचार, शब्द, वाणी, भावनाओं, कंपन एवं ऊर्जा की शक्ति, ला ऑफ अट्रेक्शन के व्यावहारिक सिद्धांत तथा मन को सही दिशा देने के सरल उपायों से परिचित कराया गया। राजेश शैली ने इस बात पर विशेष बल दिया कि व्यक्ति के विचार और भावनाएं केवल उसी तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि पूरे परिवार के वातावरण को प्रभावित करती हैं।
सामूहिक अफ्फर्मेशन के माध्यम से प्रतिभागियों ने सकारात्मक संकल्पों का अभ्यास किया। राजेश शैली ने बताया कि ये सिद्धांत केवल प्रेरणात्मक विचार नहीं हैं, बल्कि अनेक मनोवैज्ञानिक एवं वैज्ञानिक अध्ययनों तथा व्यावहारिक अनुभवों से भी समर्थित हैं।
कार्यक्रम में रोचक खेल, तम्बोला, परिचय सत्र एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों ने सभी परिवारों को एक-दूसरे के निकट आने तथा आपसी सौहार्द को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में प्रियंका, रितु, बीना, कंचन एवं ज्योति का विशेष सहयोग रहा, जिनके समर्पित प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर करण जंग, अशोक छाबड़ा, कन्हैया लाल खंडेलवाल, राजीव आहूजा, मोनिका आहूजा, रिम्पी कौर, गुलशन ग्रोवर, जुझार सिंह, दुर्गेश अग्रवाल, मनोज गुप्ता, राकेश त्यागी, दीपू जोशी, राजकुमार रावल, राजकुमार सिडाना, मनोज झांब, योगेन्द्र सिंह, सतीश मिगलानी सहित अनेक सम्मानित नागरिक अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राजेश शैली ने कहा, “जब विचार सकारात्मक होते हैं तो शब्द बदलते हैं, शब्द बदलते हैं तो व्यवहार बदलता है, व्यवहार बदलता है तो परिवार बदलता है, और सकारात्मक परिवार मिलकर एक बेहतर समाज का निर्माण करते हैं।”





