सितारगंज के बाढ़ सुरक्षा, ड्रेनेज प्लान और विकास परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

■सितारगंज के बाढ़ सुरक्षा, ड्रेनेज प्लान और विकास परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
सीएम धामी से मिले कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल

■सितारगंज। सितारगंज ब्लॉक के समग्र विकास, बाढ़ सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने शुक्रवार शाम देहरादून स्थित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कैंप कार्यालय में मुलाकात की। बैठक में क्षेत्र की प्रमुख विकास योजनाओं, बाढ़ सुरक्षा कार्यों और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री के समक्ष सितारगंज क्षेत्र की विभिन्न जनहित से जुड़ी आवश्यकताओं को रखा। उन्होंने विशेष रूप से बरसात के दौरान बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता देने और ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।
ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने भी मुख्यमंत्री को सितारगंज ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की जरूरत बताते हुए शीघ्र स्वीकृति का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, निवेश, आधारभूत संरचना और जनसेवा के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
बैठक में क्षेत्र के विकास को लेकर भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर दक्षिण किसान सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष दलवीर सिंह बल भी मौजूद रहे।






