पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान,12 मकान मालिकों के चालान

■पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान,12 मकान मालिकों के चालान

■सितारगंज : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर के आदेश के अनुपालन में कोतवाली सितारगंज पुलिस ने शुक्रवार को किराएदार सत्यापन को लेकर सघन अभियान चलाया। अभियान के तहत थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 06 और सिडकुल चौकी क्षेत्र में करीब 120 मकानों में जाकर किराएदारों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान 12 मकान मालिक ऐसे पाए गए, जिन्होंने बिना पुलिस सत्यापन के अपने मकानों में किराएदार रखे हुए थे। इस पर पुलिस ने संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की। पुलिस ने मकान मालिकों को भविष्य में किराएदार रखने से पूर्व अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए।


कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में तथा एसएसआई राजेंद्र मुनियाल की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को किराएदार सत्यापन की महत्ता के बारे में जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किराएदार रखने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।




