■अब सितारगंज में रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर, हर कदम पर अपराधियों पर रहेगी कड़ी निगरानी

■अब सितारगंज में रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर, हर कदम पर अपराधियों पर रहेगी कड़ी निगरानी
■सितारगंज में मजबूत होगी चौकसी, कोतवाल सुंदरम शर्मा
-■.27 संवेदनशील स्थानों पर लगेंगे करीब सौ हाईटेक सीसीटीवी कैमरे

■ सितारगंज : नगर की सुरक्षा को नई धार और अपराधियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के उद्देश्य से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने अभूतपूर्व पहल शुरू की है। क्षेत्र का बारीकी से सर्वे कर 27 महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों को सीसीटीवी कैमरों की स्थापना के लिए चयनित किया गया है। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाला माना जा रहा है।

कोतवाल शर्मा की टीम ने कठंगरी मोड़ से लेकर शक्तिफार्म तिराहा, बघौरा तिराहा, बिज्टी चौराहा, अमरिया चौक, पीपल चौराहा, मीना बाजार, सिसैया कट, चोरगलिया व सरकड़ा बॉर्डर जैसे व्यस्त स्थानों का निरीक्षण कर उनके अक्षांश-देशांतर (जीपीएस लोकेशन) तक चिह्नित किए हैं। इससे कैमरे सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे और पुलिस को रियल टाइम मॉनिटरिंग में जबरदस्त मजबूती मिलेगी। कोतवाल शर्मा में बताया कि वर्तमान में थाना परिसर, कठंगरी बॉर्डर और बिज्टी बॉर्डर के सरकारी कैमरे तथा अमरिया चौक, एसएच तिराहा और नकुलिया रोड के निजी कैमरे ही लाइव जुड़े हैं। लेकिन इस नई पहल से पूरे नगर का सुरक्षा कवच और व्यापक हो जाएगा। कहा कि नगर की जनता सुरक्षित रहे, यही हमारी प्राथमिकता है। सीसीटीवी कैमरे अपराध पर अंकुश लगाने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और पुलिस की त्वरित कार्रवाई में गेम-चेंजर साबित होंगे। इधर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बढ़ती चहल-पहल, यातायात दबाव और बाहरी आवाजाही को देखते हुए यह कदम समय की बड़ी जरूरत था। नए कैमरे लगने से न सिर्फ सुरक्षा दोगुनी होगी, बल्कि अपराधियों में भी स्पष्ट संदेश जाएगा कि अब हर गतिविधि पुलिस की आंखों के सामने होगी।




