साइबर ठगी से बचने का मंत्र, छात्राओं के मोबाइल में डाउनलोड कराया गौरा शक्ति ऐप

साइबर ठगी से बचने का मंत्र, छात्राओं के मोबाइल में डाउनलोड कराया गौरा शक्ति ऐप

■साइबर ठगी से बचने का मंत्र, छात्राओं के मोबाइल में डाउनलोड कराया गौरा शक्ति ऐप

■ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल में पुलिस का जागरूकता अभियान, नशे के दुष्प्रभाव, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी

■सितारगंज। बदलते दौर में बढ़ते साइबर अपराधों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने स्कूलों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रभावी तरीके बताए गए। साथ ही छात्राओं और शिक्षिकाओं के मोबाइल फोन में महिला सुरक्षा के लिए विकसित गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड कराकर उसके उपयोग की जानकारी दी गई।


उपनिरीक्षक बबीता टम्टा एवं महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा ने प्रधानाचार्य, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारियां किसी से साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम में नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव, महिला एवं बालिका सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों से बचाव, आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं और सड़क सुरक्षा विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को गौरा शक्ति ऐप के फीचर्स समझाए और आपात स्थिति में इसकी मदद से त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा समाज में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page