लालच में फंसे 12 खाताधारक, साइबर अपराध की कड़ी बने

■लालच में फंसे 12 खाताधारक, साइबर अपराध की कड़ी बने
■अनऑथराइज्ड ऐप्स में निवेश करने वालों को सितारगंज पुलिस ने थाने बुलाकर की पूछताछ, खाते सीज होने और जेल जाने तक की चेतावनी

■सितारगंज। अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों को साइबर अपराध का हिस्सा बनाने वाले नेटवर्क का खुलासा होने के बाद कोतवाली सितारगंज पुलिस हरकत में आ गई है। साइबर फ्रॉड से जुड़े संदिग्ध लेनदेन के मामले में पुलिस ने 12 खाताधारकों को थाने बुलाकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि अधिकांश लोग In Coin, X-Wallet, Teen Patti, Cedar Pay, Top Pay, One Pay और Super Pay जैसी अनधिकृत ऑनलाइन एप्लिकेशनों में निवेश कर रहे थे। पुलिस ने सभी को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म पर लेनदेन करने वालों के बैंक खाते सीज हो सकते हैं और जांच में संलिप्तता मिलने पर जेल भी जाना पड़ सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत हुई कार्रवाई में पता चला कि साइबर ठग निवेश के नाम पर लोगों से रकम जमा कराते हैं और बाद में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न खातों के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेज देते हैं। इससे खाताधारक अनजाने में साइबर अपराध की पूरी श्रृंखला का हिस्सा बन जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि देशभर में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज होती हैं। शिकायतों के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विवरण संबंधित थानों को भेजा जाता है, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर जांच की जाती है।
पूछताछ के बाद सभी 12 खाताधारकों के बयान दर्ज किए गए और उन्हें भविष्य में किसी भी अनधिकृत ऐप या ऑनलाइन गेम में निवेश न करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने आमजन से अपील की कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी अनऑथराइज्ड प्लेटफॉर्म पर पैसा न लगाएं, अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ कानूनी कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।
★मुख्य बातें
●साइबर फ्रॉड से जुड़े संदिग्ध लेनदेन में 12 खाताधारकों से पूछताछ।
●In Coin, X-Wallet, Teen Patti समेत कई अनधिकृत ऐप्स में निवेश की जानकारी।
●साइबर ठगी की रकम खातों में ट्रांसफर कर लोगों को बनाया जा रहा था माध्यम।
बैंक खाता सीज,
●मोबाइल नंबर बंद और वैधानिक कार्रवाई की पुलिस ने दी चेतावनी।
●आमजन से अनधिकृत ऐप और ऑनलाइन गेम से दूर रहने की अपील।



