काशीपुर किसान आत्महत्या मामला: पत्नी के बयान से सियासी हलचल तेज

■काशीपुर किसान आत्महत्या मामला: पत्नी के बयान से सियासी हलचल तेज

■ऊधम सिंह नगर : किसान आत्महत्या प्रकरण में मृतक की पत्नी द्वारा जारी वीडियो बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। पीड़िता ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए विपक्षी दलों पर दुखद घटना को राजनीति का हथियार बनाने का आरोप लगाया है।
जारी वीडियो में पीड़ित महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इसी मानसिक स्थिति के दौरान उनके मुंह से बच्चों के साथ आत्महत्या करने जैसी कोई बात निकल गई होगी, जिसका उन्हें स्वयं भी ठीक से ध्यान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गहरे सदमे और मानसिक असंतुलन के समय कही गई बातों को विपक्षी दल तोड़-मरोड़कर राजनीतिक रंग दे रहे हैं, जो सरासर गलत है। मृतक की पत्नी ने कहा कि उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और ऊधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा पर पूरा विश्वास है। उन्हें भरोसा है कि सरकार और जिला पुलिस प्रशासन निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाएंगे और इसे लेकर उन्हें किसी भी तरह का संदेह नहीं है। पीड़िता ने लोगों और राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में भले ही कोई उनका साथ दे या न दे, लेकिन उनके हालात और बयान को आधार बनाकर राजनीति न की जाए। उन्होंने दोहराया कि विपक्ष उनके दर्द का इस्तेमाल अपनी राजनीति के लिए कर रहा है, जबकि उन्हें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और एसएसपी मणिकांत मिश्रा उन्हें न्याय दिलाएंगे। इधर पत्नी के इस स्पष्ट बयान के बाद किसान आत्महत्या मामले में चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर नए सिरे से बहस शुरू हो गई है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी प्रकरण को गंभीरता से लिया जा रहा है।






