अच्छी खबर-एसडीएच में जल्द शुरू होंगी हड्डियों के ऑपरेशन की सेवाएं

अच्छी खबर-एसडीएच में जल्द शुरू होंगी हड्डियों के ऑपरेशन की सेवाएं

■एसडीएच में जल्द शुरू होंगी हड्डियों के ऑपरेशन की सेवाएं

■कुमाऊं मंडल के निदेशक ने किया अस्पताल का निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड के लिए सप्ताह में दो दिन रेडियोलॉजिस्ट की विजिट के निर्देश

■सितारगंज। उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) सितारगंज में अब हड्डियों से संबंधित ऑपरेशन की सुविधा जल्द शुरू होगी। कुमाऊं मंडल के निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. केके अग्रवाल ने बुधवार को अस्पताल का निरीक्षण कर ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन सेवाएं शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए सप्ताह में दो दिन रेडियोलॉजिस्ट की विजिट कराकर अल्ट्रासाउंड कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने इमरजेंसी, लेबर रूम, जनरल वार्ड, डेंगू वार्ड, आइसोलेशन वार्ड और कोल्ड चेन व्यवस्था का जायजा लिया। इमरजेंसी में आवश्यक दवाओं और उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता रखने के निर्देश दिए। लेबर रूम में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा सिद्दीकी ने बताया कि सितंबर में अब तक 93 प्रसव हो चुके हैं। इस पर निदेशक ने संतोष जताते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने को कहा।

उन्होंने डेंगू और आइसोलेशन वार्ड को जरूरत पड़ने पर तत्काल संचालित करने के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। कोल्ड चेन निरीक्षण के दौरान वैक्सीन और तापमान-संवेदी सामग्री के सुरक्षित भंडारण पर जोर दिया।

जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। निदेशक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान CMS डॉ. कुलदीप सिंह यादव, डॉ. रीना यादव, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. एलएसत बृजवाल, डॉ. एचएस ऐरी, डॉ. नेहा सिद्दीकी समेत चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Narayan singh Rawat

Chief Editor 9917435143

You cannot copy content of this page