नई दिल्ली में सितारगंज की डॉ0 रेखा ठाकुर को उत्कृष्ट कार्यों के लिए न्याय विभाग ने किया सम्मानित

■नई दिल्ली में डॉ रेखा को उत्कृष्ट कार्यों के लिए न्याय विभाग ने किया सम्मानित
■नई दिल्ली। विज्ञान भवन में न्याय विभाग के राष्ट्रीय परामर्श 2026 कार्यक्रम में सीएससी टेली-लॉ वीएलई एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रेखा को महिला सशक्तिकरण और न्याय सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए न्याय मंत्रालय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उपस्थित रहे। न्याय मंत्रालय के सचिव नीरज शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. रेखा ने बताया कि वह राधा कृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की संचालिका हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य निरंतर कर रही हैं। वे ग्रामीण महिलाओं के विवादों और मामलों का डिजिटल रूप से टेली‑लॉ के माध्यम से पंजीकरण कराकर उन्हें समय पर सही कानूनी सलाह उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं।
उन्होंने बताया कि आज भी कई महिलाएँ कोर्ट-कचहरी की जटिल प्रक्रिया से बचना चाहती हैं। ऐसे में टेली-लॉ डिजिटल प्लेटफॉर्म उनके लिए न्याय तक पहुँच का सरल माध्यम है, जहाँ पैनल अधिवक्ताओं से बिना अदालत गए ही निःशुल्क कानूनी सलाह प्राप्त की जा सकती है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंच से डॉ. रेखा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल न्याय व्यवस्था को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में उनका योगदान प्रेरणादायक है। डॉ. रेखा ने इस सम्मान के लिए भारत सरकार एवं न्याय मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र की वरिष्ठ महिलाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी। भारतीय जनता पार्टी जिला मंत्री सुलोचना रावत ने कहा कि डॉ. रेखा लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ग्राम नकहा के पूर्व प्रधान कैंसर अली ने टीम के साथ बुके भेंट कर शुभकामनाएँ दीं।
डॉ. रेखा की इस राष्ट्रीय उपलब्धि से उत्तराखंड सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्हें पूर्व में भी राज्य और केंद्र स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।






